फटे जूते
624 बार पढ़ा गया

फटे जूते
मेरे जुराबों के नीचे
कई छेद हैं
जिन्हें छुपाने की जद्दोजहद में
फट गए हैं जूते मेरे
मेरे जूतों और सड़क के बीच
एक शत्रु भाव भी है
और मित्रता भी
दोनों एक दूसरे के पूरक हैं
जिस समय,
समय हो जाता है निरपेक्ष
मेरे जूते और सड़क
और समय का एक चेहरा
रहता है सापेक्ष
फटी जुराबों को छुपाने के लिए जूते
और फटे जूतों को ढंकने के लिए सड़क
और कहीं न ले जानेवाली सड़क को
छुपाने के लिए एक सफ़र
और तुमने आज मुझे
मेरे ख़्वाबों में आकर कहा
अपना सफ़रनामा लिखो
जब मैं लिखने के लिए
रोशनाई की तलाश में
बाज़ार में भटकता हूँ तो मुझे किसी
बलात्कार पीड़िता के दर्द में घुले
कुछ स्तंभ मिलते हैं
जिनपर शहरों को जोड़ने वाली
सडकें गुजरती थीं कभी
सड़कें
जो जंगल छुपाती थीं कभी
ठीक मेरी फटी हुई जुराबों को छुपाते
मेरे फटे हुए जूतों की तरह…
- सुब्रतो चटर्जी
हमारे काम में सहयोग करें
हमें सहयोग करें
स्वतंत्र लेखन और जनपक्षीय पत्रकारिता को जारी रखने में अपना योगदान दें। इस QR code को scan करके सहयोग करें।


0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया दें
आपकी टिप्पणी approval के बाद प्रकाशित होगी।