1. अफवाह

यह अफवाह है कि नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं अमित शाह गृहमंत्री आरएसएस हिंदूवादी संगठन है पुलिस को मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार ये अफवाहें जवाहरलाल नेहरू अपने गुप्त ठिकाने से फैला रहे हैं यह अफवाह भी उन्हीं की फैलाई हुई है कि भारत एक देश है धर्मनिरपेक्षता एक मूल्य अफवाहों से सावधान पुलिस की आंख, नाक, कान, मुंह, दांत, जबड़ा, पेट सब बनें उस देशद्रोही की गिरफ्तारी में सहयोग करें इनाम में पद्म पुरस्कार पाएं.

2. मांएं

सब मांएं दुआ करती हैं कि उनके बच्चे बड़े, बहुत बड़े आदमी बन जाएं कई इतने बड़े बन जाते हैं कि मां उनके घुटने तक भी नहीं आतीं फिर भी मांएं गर्दन अकड़ जाने पर भी अपने उन बच्चों को गर्व से देखती रहती हैं जबकि बच्चे यह भी भूल चुके होते हैं कि वे किसी मां के गर्भ से पैदा हुए थे.
  • विष्णु नागर