Saturday, March 7, 2026
Pratibha Ek Diary
  • ब्लॉग
  • गेस्ट ब्लॉग
  • युद्ध विज्ञान
  • लघुकथा
  • पुस्तक / फिल्म समीक्षा
  • कविताएं
  • ई-पुस्तकालय
No Result
View All Result
Pratibha Ek Diary
  • ब्लॉग
  • गेस्ट ब्लॉग
  • युद्ध विज्ञान
  • लघुकथा
  • पुस्तक / फिल्म समीक्षा
  • कविताएं
  • ई-पुस्तकालय
No Result
View All Result
Pratibha Ek Diary
No Result
View All Result
Home कविताएं

हर शहर में एक बदनाम औरत होती है

ROHIT SHARMA by ROHIT SHARMA
August 5, 2021
in कविताएं
0
585
SHARES
3.2k
VIEWS
Share on FacebookShare on Twitter

‘हर शहर में एक बदनाम औरत होती है’
कोई ठीक-ठीक नहीं बता पाता उसके बारे में
वह कुंआरी ही रही आई है
या उसका ब्याह कब और किससे हुआ था
और उसके तथाकथित पति ने उसे
या उसने उसको कब क्यों और कहां छोड़ा
और अब वह जिसके साथ रह रही है या नहीं रह रही
वह सही-सही उसका कौन है
यदि उसको संतान हुई तो उन्हें लेकर भी
स्थिति अनिश्चित बनी रहती है

हर शहर में एक बदनाम औरत होती है
नहीं वह उस तरह की बदनाम औरतों में नहीं आती
वरना वह इस तरह उल्लेखनीय न होती
अकसर वह पढ़ी-लिखी प्रगल्भ तथा
अपेक्षाकृत खुली हुई होती है
उसका अपना निवास या
फ्लैट जैसा कुछ रहता है
वह कोई सरकारी अर्धसरकारी या
निजी काम करती होती है
जिसमें ब्यूटी सैलून नृत्य-संगीत स्कूल रेडियो टी०वी०, एन०जी०ओ० से लेकर
राजनीतिक तक कुछ भी हो सकता है
बताने की ज़रूरत नहीं कि वह
पर्याप्त सुंदर या मोहक होती है
या थी लेकिन इतनी अब भी कम वांछनीय नहीं है
जबकि सच तो यह है कि जो
वह वाकई होती है उसके लिए
सुंदर या खूबसूरत जैसे शब्द नाकाफ़ी पड़ते हैं
आकर्षक उत्तेजक ऐंद्रिक काम्या
सैक्सी वालप्चुअस मैन-ईटर टाइग्रेस-इन-बेड
आदि सारे विशेषण
उसके वास्ते अपर्याप्त सिद्ध होते हैं

You might also like

SEDITIOUS RIVER

कौन है श्रेष्ठ ?

स्वप्न

अकसर तो उसे ऐसे नामों से पुकारा जाता है
जो सार्वजनिक रूप से लिए भी नहीं जा सकते
लेकिन बेशक वह जादूगरनियों और टोनहियों सरीखी
बल्कि उनसे अधिक मारक और रहस्यमय
किसी अलग औरत-ज़ात की तरह होती है
उसे देखकर एक साथ सम्मोहन और
आतंक पैदा होते है.

वह एक ऐसा वृत्तान्त ऐसी किंवदंती होती है
जिसे एक समूचा शहर गढ़ता और
संशोधित-संविर्द्धत करता चलता है
सब आधिकारिक रूप से जानते हैं कि
वह किस-किस से लगी थी
या किस-किस को उसने फांसा था
सबको पता रहता है कि
इन दिनों कौन लोग उसे चला रहे हैं
कई तो अगल-बगल देख कर
शनाख़्त तक कर डालते हैं
कि देखो-देखो ये उसे निपटा चुके हैं
उन उनकी उतरन और जूठन है वह

स्वाभाविक है कि यह जानकारियां
सबसे ज़्यादा और प्रामाणिक
उन दुनियादार अधेड़ों या बुजुर्ग गृहस्थों के पास होती हैं
जो बाक़ी सब युवतियों स्त्रियों को
साधिकार बिटिया बहन भाभी कहते हैं
सिर्फ़ शहर की उस बदनाम औरत को
उसके नाम से पुकारते हैं
और वह भी मज़बूरन
और उसकी संतान हुई तो
कभी उसके मामा नाना या चाचा नहीं बनते

उस बदनाम औरत के विषय में
अकसर इतने लोग बातें करते हैं
खुद उससे इतने लोग अकसर
बातें करते या करना चाहते हैं
उसके पूर्व या वर्तमान प्रेमियों से
इतने लोग इतना जानना चाहते हैं
उसके साथ इतने लोग संयोगवश दिखना चाहते हैं
उसे इतनी जगहों पर उत्कंठा और
उम्मीद से बुलाया जाता है
कि यह निष्कर्ष अपरिहार्य है कि
उसका वजूद और मौजूदगी
किसी अजीब खला को भरने के लिए दुर्निवार हैं

जो औरतें बदनाम नहीं हैं उनका आकर्षक
दुस्वप्न और उनके उन मर्दों के
सपनों का विकार है वह बदनाम औरत
जो अपनी पत्नियों को अपने साथ सोई देखकर
उन्हें और अपने को कोसते हैं
सोचते हैं यहां कभी वह औरत
क्यों नहीं हो सकती थी
उसके सफल कहे जानेवाले
कथित प्रेमियों के बारे में सोचते हैं
कि ऐसी सस्ती औरत ही
स्वीकार कर पाती होगी इतने घटिया लोगों को
फिर सोचते हैं सब झूट बोलते हैं कमीने शेखीबाज़
ऐसी चालू औरत ऐसों को हाथ तक नहीं रखने देती
आशंका और आश्वस्ति के बीच वे
अपनी सोती पत्नियों को देखते
उसके सद्गुणों से द्रवित बाधामुक्त होते हैं

अध्ययन से मालूम पड़ जाएगा
कि शहरों की ये बदनाम औरतें
बहुत दूर तक नहीं पहुंच पातीं
निचले और बीच के तबकों के दरमियान ही
आवाजाही रहती है इनकी
न उन्हें ज्यादा पैसा मिल पाता है
और न कोई बड़ा मर्तबा
वे मंझोले ड्रांइगरूमों औसत पार्टियों
समारोहों सफलताओं तक ही
पहुंच पाती हैं क्योंकि उच्चतर हलक़ों में

जिन औरतों की रसाई होती है
वे इनसे कहीं ज़हीन और मुहज्जब होती हैं
ऐसी बदनाम औरत को अलग-अलग वक्तों पर
जिनके साथ वाबस्ता बताया जाता है
क्या वाकई वह उनसे प्रेम जैसा
कुछ करती थीं और वे उससे ?
क्या उन्होंने इससे फ़ायदा उठाया ?
या वह भी उतने ही नुक़सान में रहीं ?
क्या, जैसा कि
एक खास रूमानियत के तहत माना जाता है,
उसे किसी आदर्श संबंध की तलाश है ?
या कि उसे फितरतन हर छठे महीने एक नया मर्द चाहिए
या वह अपनी बनावट में के उन संवेगों से संचालित है
जिन्हें वह भी नहीं समझती ?

कुछ कह नहीं सकते
ऐसी किसी औरत से कभी किसी ने
अंतरंग साक्षात्कार नहीं लिए हैं
न उसका मनोवैज्ञानिक अध्ययन किया गया है
और स्वयं अपने बारे में उसने
अब तक कुछ कहा नहीं है
उसे हंसते तो अकसर सुना गया है
लेकिन रोते हुए कभी नहीं देखा गया

यह तो हो नहीं सकता कि
उस बदनाम औरत को
धीरे-धीरे अपनी शक्तियों का पता न चलता हो
और इसका कि
लोग उससे कितनी नफ़रत करते हैं
लेकिन कितनी शिद्दत से वे वह सब चाहते हैं
जो वह कथित रूप से कुछ ही को देती आयी है
बदनाम औरत जानती होगी कि
वह जहां जाती है
अपने आसपास को स्थाई ही सही
लेकिन कितना बदल देती है

कभी-कभी सार्वजनिक या एकांत
उसका अपमान होता होगा
शायद वह भी किसी को तिरस्कृत करती हो
फ़ाहशा कहलाने का जोखिम उठाकर
घर और दफ्तर में उसे घिनौने और
डरावने फोन आते होंगे
अश्लील चिटि्ठयों की वह आदी हो चुकी होगी
रात में उसके बरामदे के आगे से
फिब्तयां कसी जाती होंगी
खिड़कियों के शीशे पत्थरों से टूटते होंगे
यदि वह रिपोर्ट दर्ज़ करवाने जाती भी होगी
तो हर वर्दीवाला
उसकी तरफ़ देखकर मुस्कराता होगा

जो औरतें बदनाम नहीं हैं
उनका अपनी इस बदनाम
हमज़ात के बारे में क्या सोच है
इसका मर्दों को शायद ही कभी सही पता चले
क्योंकि औरतें मर्दों से अकसर वही कहती हैं
जिसे वे आश्वस्त सुनना चाहते हैं
लेकिन ऐसा लगता है कि
औरतें कभी किसी औरत से
उतनी नफ़रत नहीं करतीं
जितनी मर्दों से कर सकती हैं
और बेशक उतनी नफ़रत तो वे
वैसी बदनाम औरतों से भी कर नहीं सकतीं
जितनी मर्द उससे या सामान्यत:
औरतों से कर पाते हैं

अगर हर फुर्सत में
एक नई औरत को हासिल करना
अधिकांश मर्दों की चरम फंतासी है
तो बदनाम औरत भी यह क्यों न सोचे
कि अलग-अलग या एक ही वक्फ़े में
कई मर्दों की सोहबत भी
एक शग़ल एक खेल एक लीला है

और कौन कह सकता है कि
उसमें सिर्फ़ वहीं गंवाती है
संभव है कि औरतों में ही इसे लेकर मतभेद हों
लेकिन यदि मर्द औरत का इस्तेमाल कर सकता है
तो बदले में औरत उसका इस्तेमाल क्यों न करे ?

और आखिरी बात तो यह
कि यदि मर्द को हर दूसरे दिन
एक नया जिस्म चाहिए
तो औरत वह बदनाम हो नेकबख़्त
वैसा ही चाहे तो यह उसका हक़ कैसे नहीं ?
शहर की ऐसी बदनाम औरत
यदि वाकई भयभीत और शोकार्त होती होगी
तो शायद उस क्षण की कल्पना कर
जब एक दिन वह
अपनी संतान का अपमान जानेगी या देखेगी
या उसे अचानक बदला हुआ पाएगी
उसकी आंखों में पढ़ेगी वह
उदासी और हिकारत
देखेगी उसका दमकता चेहरा अचानक बुझा हुआ
समझ जाएगी कि उसके बारे में
सही और ग़लत सब जान लिया गया है
कोई कैिफ़यत नहीं देगी वह शायद
सिर्फ़ इंतज़ार करेगी कि
उसकी अपनी कोख से बना हृदय तो उसे जाने

और यदि वैसा न भी हुआ
तो वह रहम या समझ की भीख नहीं मांगेगी
सबको तज देगी
अपने अगम्य अकेलेपन को नहीं तजती
शहर की वह बदनाम औरत
ऐसी औरत के आख्यान
खुद उससे कहीं सर्वव्याप्त रहते हैं
वह कब छोड़कर चली जाती है शहर
और किस वास्ते
किसके साथ यह मालूम नहीं पड़ता
फिर भी उसे जहां-तहां एकाकी या
युग्म में देखे जाने के दावे किए जाते हैं

ऐसी औरत की देह के
सामान्य या अस्वाभाविक अवसान का
कभी कोई समाचार नहीं मिलता
कभी-कभी अचानक किसी
नामालूम रेल्वे स्टेशन या
रास्ता पार करती भीड़
या दोपहर के सूने बाज़ार में
अकेली वह वाकई दिखती है
अपनी ही रूह जैसी
उसकी उम्र के बावजूद
उसकी बड़ी-बड़ी आंखों
उसकी तमकनत से
अब भी एक सिहरन दौड़ जाती है

उसकी निगाहें किसी को पहचानती नहीं लगतीं
और लोगों और चीज़ों के
आर-पार कुछ देखती लगती हैं
शायद वह खोजती हो या
तसव्वुर करती हो अपने ही उस रूप का
स्वायत्त छूटकर जो न जाने कहां
किसमें विलीन हो चुका ले चुका अवतार
शायद उसी या किसी और शहर की
अगली बदनाम औरत बनकर !

  • विष्णु खरे

[प्रतिभा एक डायरी स्वतंत्र ब्लाॅग है. इसे नियमित पढ़ने के लिए सब्सक्राईब करें. प्रकाशित ब्लाॅग पर आपकी प्रतिक्रिया अपेक्षित है. प्रतिभा एक डायरी से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और गूगल प्लस पर ज्वॉइन करें, ट्विटर हैण्डल पर फॉलो करे…]

Previous Post

धर्म, भोजन और हिन्दुत्ववादी ताकतें

Next Post

मोदी सरकार में मेक इन इंडिया-मेड इन इंडिया की असलियत

ROHIT SHARMA

ROHIT SHARMA

'प्रतिभा एक डायरी' दुनिया के किसी भी हिस्से में उत्पीड़ित, शोषित जनता द्वारा शोषण उत्पीड़न के खिलाफ, साम्राज्यवादी लूट के खिलाफ, जाति, धर्म, नस्ल, क्षेत्र, लिंग के आधार पर हो रहे जुल्म के खिलाफ बुलंद किए गए आवाज का पक्षधर है. इस वेबसाइट पर प्रकाशित किसी भी रचना को जनहित में किसी भी भाषा में, अंशतः या पूर्णत: प्रकाशित किया जा सकता है. अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं है.

Related Posts

कविताएं

SEDITIOUS RIVER

by ROHIT SHARMA
September 7, 2025
कविताएं

कौन है श्रेष्ठ ?

by ROHIT SHARMA
July 31, 2025
कविताएं

स्वप्न

by ROHIT SHARMA
June 26, 2025
कविताएं

ढक्कन

by ROHIT SHARMA
June 14, 2025
कविताएं

मैं तुम सबको देख रहा हूं –

by ROHIT SHARMA
June 4, 2025
Next Post

मोदी सरकार में मेक इन इंडिया-मेड इन इंडिया की असलियत

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recommended

न्यूज चैनल : शैतान का ताकतवर होना मानवता के लिये अच्छी बात नहीं

January 8, 2020

‘गैंग ऑफ फोर’ : क्रांतिकारी माओवाद की अन्तर्राष्ट्रीय नेता जियांग किंग यानी मैडम माओ

January 22, 2023

Categories

  • Subroto's Corner
  • Uncategorized
  • आभा का पन्ना
  • कविताएं
  • गेस्ट ब्लॉग
  • पुस्तक / फिल्म समीक्षा
  • ब्लॉग
  • युद्ध विज्ञान
  • लघुकथा

Don't miss it

Uncategorized

March 7, 2026
गेस्ट ब्लॉग

टीकेपी-एमएल का बयान : ‘भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के नेतृत्व में लड़ रही पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) की 25वीं स्थापना वर्षगांठ को लाल सलाम !’

March 1, 2026
गेस्ट ब्लॉग

‘संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में गाजा और वेस्ट बैंक में जातीय सफाए की संभावना’ – जीन शाउल (WSWS)

March 1, 2026
गेस्ट ब्लॉग

पाउलो फ्रेरे : ‘कोई भी शिक्षा तटस्थ नहीं होती, लोगों को बदलने के लिए तैयार करता है अथवा सत्ता की रक्षा करता है.’

February 27, 2026
गेस्ट ब्लॉग

‘हमें नक्सलबाड़ी के रास्ते पर दृढ़ता से कायम रहना चाहिए’ – के. मुरली

February 24, 2026
लघुकथा

एन्काउंटर

February 14, 2026

About Pratibha Ek Diary

'प्रतिभा एक डायरी' दुनिया के किसी भी हिस्से में उत्पीड़ित, शोषित जनता द्वारा शोषण उत्पीड़न के खिलाफ, साम्राज्यवादी लूट के खिलाफ, जाति, धर्म, नस्ल, क्षेत्र, लिंग के आधार पर हो रहे जुल्म के खिलाफ बुलंद किए गए आवाज का पक्षधर है. इस वेबसाइट पर प्रकाशित किसी भी रचना को जनहित में किसी भी भाषा में, अंशतः या पूर्णत: प्रकाशित किया जा सकता है. अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं है.

Categories

  • Subroto's Corner
  • Uncategorized
  • आभा का पन्ना
  • कविताएं
  • गेस्ट ब्लॉग
  • पुस्तक / फिल्म समीक्षा
  • ब्लॉग
  • युद्ध विज्ञान
  • लघुकथा

Recent News

March 7, 2026

टीकेपी-एमएल का बयान : ‘भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के नेतृत्व में लड़ रही पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) की 25वीं स्थापना वर्षगांठ को लाल सलाम !’

March 1, 2026

© 2026 Pratibha Ek Diary. All Rights Reserved.

No Result
View All Result
  • ब्लॉग
  • गेस्ट ब्लॉग
  • युद्ध विज्ञान
  • लघुकथा
  • पुस्तक / फिल्म समीक्षा
  • कविताएं
  • ई-पुस्तकालय

© 2026 Pratibha Ek Diary. All Rights Reserved.