माओवादी नेत्री विनीता भारती को 22 नवम्बर को बेगुसराय जिला के बरौनी से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद चार दिनों तक उन्हें अलग-अलग थानों में रखा गया और अंततः 25 नवम्बर को दोपहर 2 बजे बाद मुजफ्फरपुर केंद्रीय कारा में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

सवाल है कि आखिर चार दिनों तक विनीता भारती को थानों में क्यों रखा गया ? गिरफ्तारी के बाद उन्हें निर्धारित समय के भीतर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत क्यों नहीं किया गया ? क्या पुलिस और प्रशासन के लिए संविधान तथा कानून का पालन करना अनिवार्य नहीं है ? संविधान और कानून केवल आम लोगों के लिए ही बना है ?

विनीता भारती की गिरफ्तारी और कथित अवैध हिरासत को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. उनके साथ कथित दुर्व्यवहार और सामूहिक बलात्कार की धमकी दिए जाने के आरोप भी सामने आए हैं. इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए.

ज्ञात हो कि विनीता भारती दलित समुदाय से आती हैं. उनके पति अमरलाल देव उर्फ नकुल जी की वर्ष 2020 में पुलिस ने गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप है. उनके पिता देव नारायण राम की वर्ष 2023 में पुलिस थाने में पीट-पीटकर हत्या किए जाने का भी आरोप है.

इतनी यातनाओं और कुर्बानियों के बावजूद विनीता भारती ने सत्ता और समझौतापरस्त राजनीति के सामने झुकने से इंकार किया है. इसलिए विनीता भारती की जिंदगी भी अनमोल है और उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास करना चाहिए. 

अपने गांव में सबसे पहले मैट्रिक परीक्षा पास करने वाली दलित समुदाय की विनीता भारती ने दमनकारी व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष का रास्ता चुना. उन्होंने माओवादियों द्वारा स्थापित जनशिक्षा केंद्र में अध्यापिका के रूप में कार्य किया. जब सत्ता ने इन स्कूलों को जबरन ध्वस्त कर दिया, तब उन्होंने अपनी लड़ाई को और आगे बढ़ाया.

विनीता भारती ने बच्चों की शिक्षा के लिए अनेक स्कूलों के निर्माण में भूमिका निभाई. सूचना के अनुसार, वे बेगुसराय जिला में भी स्कूलों के निर्माण की प्रक्रिया में लगी हुई थीं. उन्होंने जातिवाद, छुआछूत, दमनकारी पितृसत्तात्मक सोच और व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष किया.

एक ऐसी महिला, जिसने अपना जीवन मेहनतकश जनता और बच्चों की शिक्षा के लिए समर्पित कर दिया, आज जेल में बंद है.

जिस विनीता भारती को उनके संघर्ष और साहस के लिए सम्मानित किया जाना चाहिए था, सत्ता ने उनके लिए जेल का फाटक खोल दिया.

मैं अंतर्राष्ट्रीय मेहनतकश जनता और प्रगतिशील बुद्धिजीवियों से अपील करता हूं कि वे विनीता भारती के समर्थन में आवाज उठाएं. भारत सरकार पर दबाव बनाएं कि उन्हें बिना शर्त अविलंब रिहा किया जाए और उनको अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाए.

संविधान और कानून का पालन कौन नहीं कर रहा है?

यदि पुलिस पर कानून के उल्लंघन, अवैध हिरासत और महिलाओं के विरुद्ध गंभीर धमकी देने के आरोप लगते हैं, तो इन सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.

कानून का शासन केवल आम जनता के लिए नहीं, बल्कि पुलिस और प्रशासन के लिए भी अनिवार्य है. किसी भी व्यक्ति के साथ पुलिस का गैरकानूनी व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता.

विनीता भारती की गिरफ्तारी और कथित अवैध हिरासत के विरुद्ध आवाज उठाना हर नागरिक का अधिकार है और लोकतंत्र के प्रति उसका कर्तव्य भी.

हमारी मांगें

  1. विनीता भारती को चार दिनों तक थानों में रखे जाने की न्यायिक जांच कराई जाए.
  2. उनके विरुद्ध दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष समीक्षा की जाए और फर्जी मुकदमों को हटाया जाए.
  3. विनीता भारती को अविलंब बिना शर्त रिहा किया जाए.
  4. कथित दुर्व्यवहार और सामूहिक बलात्कार की धमकी के आरोपों की स्वतंत्र जांच कराई जाए.
  5. दोषी पाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए.

विनीता भारती के अदम्य साहस और मेहनतकश जनता के प्रति उनके समर्पण को हम सलाम करते हैं. यदि आप भी विनीता भारती की रिहाई और उनके साथ हुए कथित अन्याय की निष्पक्ष जांच की मांग से सहमत हैं, तो इस आलेख को अधिक से अधिक साझा करें.

आइए, इस आवाज को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाएं.

  • विनीता भारती को बिना शर्त रिहा करो!
  • चार दिनों की कथित अवैध हिरासत की न्यायिक जांच करो!
  • महिलाओं के सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करो!

— रोहित शर्मा