आज कुछ लोग बड़े शान से कहते हैं - मार्क्सवाद खत्म हो गया, साम्यवाद खत्म हो गया, अब इसकी कोई प्रासंगिकता नहीं है.

उनको मालूम ही नहीं है कि मार्क्सवाद कोई नारा नहीं है, कोई पार्टी का झंडा नहीं है. मार्क्सवाद समता-मूलक, शोषण-विहीन समाज बनाने का एक वैज्ञानिक सिद्धांत है. वो विज्ञान है.

और विज्ञान कभी खत्म नहीं होता. सिद्धांत कभी खत्म नहीं होता. वो तर्क और प्रयोग के द्वारा प्रमाणित किया हुआ होता है. जैसे गुरुत्वाकर्षण का सिद्धांत खत्म नहीं होता, जैसे 2+2=4 खत्म नहीं होता, वैसे ही मार्क्सवाद भी खत्म नहीं होता.

हाँ, सरकारें आती-जाती हैं. सत्ता बदलती है. पर सिद्धांत नहीं बदलता.

रूस का उदाहरण देने वालों से एक सवाल

बहुत से लोग रूस का उदाहरण देते हैं - देखो सोवियत संघ टूट गया, कम्युनिस्ट खत्म हो गए.

अरे भाई, कोई भी सत्ता अस्थाई होती है. कोई भी सरकार हमेशा नहीं रहती. सवाल ये नहीं है कि सोवियत संघ क्यों टूटा, सवाल ये है कि कम्युनिस्टों ने क्या किया?

जो देश भूखा-नंगा था, जहाँ लोग जार के जूते के नीचे दबे थे, जहाँ पढ़ना-लिखना भी गुनाह था, उस देश को कम्युनिस्टों ने महाशक्ति बना दिया.

दुनिया की पहली महाशक्ति - जिसने हिटलर जैसे फासीवादी को हराया, जिसने अंतरिक्ष में पहला आदमी भेजा, जिसने हर आदमी को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, मकान दिया.

और कम्युनिस्टों के हटने के बाद वही देश महाशक्ति नहीं रह गया. वही देश आज पूंजीवाद के दलदल में फंसा है.

तो बताओ, कम्युनिस्टों ने रूस को बनाया या बिगाड़ा? बनाया. और पूंजीवाद ने बिगाड़ा.

भारत और चीन - एक ही दिन पैदा हुए दो भाई, दो रास्ते

1947 में भारत को तथाकथित पूंजीवादी आजादी मिली. सत्ता अंग्रेजों के हाथ से निकलकर पूंजीपतियों और उनके दलालों के हाथ में चली गई.

पूंजीवाद की बुनियाद ही मेहनतकश की लूट और शोषण पर टिकी है. इसलिए भारत में लूट और शोषण अंग्रेजों से भी ज्यादा शुरू हो गया. अंग्रेज तो कुछ लाख में थे, भारतीय काले अंग्रेज करोड़ों में हो गए.

ठीक उसी समय, 2 साल बाद 1949 में चीन में कम्युनिस्ट क्रांति हुई.

उस समय चीन की स्थिति और भारत की आर्थिक स्थिति दोनों बराबर थी. बल्कि भारत के पास चीन से ज्यादा प्राकृतिक संसाधन थे, ज्यादा समतल मैदान थे, मानसूनी प्रदेश था.

पर चीन ने क्या किया? सांस्कृतिक क्रांति के माध्यम से अपने देश के लोगों में चेतना विकसित की. वहाँ सबसे पहले राष्ट्रपति का बेटा हो या मजदूर की संतान - सबको एक समान, निशुल्क, अनिवार्य शिक्षा लागू की गई.

हर गाँव के पीछे फैक्ट्री और आगे में स्कूल खोला गया. काम और पढ़ाई दोनों साथ-साथ.

और आज चीन कम्युनिस्टों के बदौलत दुनिया का सिरमौर बन चुका है. दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, सबसे बड़ी फैक्ट्री, सबसे बड़ी ताकत.

और भारत? हम चाँद पर जा रहे हैं, मंगल ग्रह पर जा रहे हैं, पर 95% लोगों के लिए शिक्षा नहीं के बराबर है, स्वास्थ्य-दवा नहीं है, आवास नहीं है, रोटी-कपड़ा-मकान नहीं है.

आज के वैज्ञानिक युग में दुनिया कितना तरक्की कर रही है और हम कहाँ हैं? हम पूंजीवाद जो हमारे लिए मृग-तृष्णा जैसा है, उसमें बुरी तरह फंस चुके हैं.

जो कहते हैं कम्युनिस्ट खत्म हो गया, उनकी आंख पर काला चश्मा है

जो कहते हैं कम्युनिस्ट खत्म हो गया, लगता है उनकी आँख में काला चश्मा लगा हुआ है. जरा चश्मा उतारकर दुनिया को देखो.

उत्तर कोरिया - जिसके डर से अमेरिका की रातों की नींद उड़ी हुई है. एक छोटा सा देश, पर साम्राज्यवाद के सामने झुका नहीं.

वियतनाम - जहाँ कम्युनिस्टों ने अमेरिका को युद्ध में हरा दिया. दुनिया की सबसे बड़ी सैन्य शक्ति को एक गरीब किसान देश ने हरा दिया. ये मार्क्सवाद की ताकत नहीं तो क्या है?

क्यूबा - 60 साल से अमेरिकी नाकेबंदी के बाद भी झुका नहीं, अपने लोगों को मुफ्त शिक्षा और मुफ्त इलाज दे रहा है.

लाओस - एशिया में कम्युनिस्ट सत्ता कायम है.

ये 5 देश आज भी आधिकारिक रूप से कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व में चल रहे हैं - चीन, वियतनाम, उत्तर कोरिया, क्यूबा, लाओस।

दुनिया में कहां-कहां वामपंथी / समाजवादी सरकार है?

केवल ये 5 ही नहीं, दुनिया भर में वामपंथी ताकतें आज भी सरकार में हैं या सरकार बनाने लायक ताकत रखती हैं:

एशिया:

  • चीन - कम्युनिस्ट पार्टी का शासन
  • वियतनाम - कम्युनिस्ट पार्टी का शासन
  • उत्तर कोरिया - वर्कर्स पार्टी का शासन
  • लाओस - कम्युनिस्ट पार्टी का शासन
  • नेपाल - वामपंथी पार्टियों की मजबूत सरकारें थी, कम्युनिस्ट प्रधानमंत्री रहे हैं
  • भारत - केरल - CPI(M) के नेतृत्व में वामपंथी सरकार, जहाँ शिक्षा-स्वास्थ्य में देश में सबसे आगे है

लातिन अमेरिका:

  • क्यूबा - कम्युनिस्ट पार्टी का शासन
  • वेनेजुएला - समाजवादी सरकार
  • निकारागुआ - सैंडिनिस्टा समाजवादी सरकार
  • बोलिविया - समाजवादी सरकार
  • ब्राजील - वामपंथी राष्ट्रपति लूला की सरकार
  • कोलंबिया - वामपंथी राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो की सरकार
  • चिली, मेक्सिको - वामपंथी / समाजवादी रुझान वाली सरकारें

अफ्रीका:

  • दक्षिण अफ्रीका - ANC + दक्षिण अफ्रीकी कम्युनिस्ट पार्टी (SACP) का गठबंधन दशकों से सत्ता में
  • अंगोला, मोजांबिक, नामीबिया - वामपंथी मुक्ति आंदोलन से निकली पार्टियों की सरकारें
  • लीबिया - गद्दाफी के समय समाजवादी प्रयोग, आज भी वहाँ वामपंथी विचारधारा की मजबूत पकड़

यूरोप:

  • स्पेन - समाजवादी पार्टी की सरकार
  • पुर्तगाल - समाजवादी / कम्युनिस्ट पार्टियों के बिना सरकार चल नहीं सकती
  • फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस, इटली - वामपंथी पार्टियां इतनी लोकप्रिय हो गई हैं कि उनके बिना कोई सरकार चल नहीं सकती. फ्रांस में वामपंथी गठबंधन सबसे बड़ा ब्लॉक बन चुका है.

तो बताओ, जो विचारधारा इतने देशों में जिंदा है, वो खत्म कैसे हो गई?

भारत में कम्युनिस्ट के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा - डरपोक जनता

  • भारत में कम्युनिस्ट के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा यही है - यहाँ की डरपोक, जाति-धर्म, पैसा-शराब के पीछे भागती जनता.

जहाँ के लोग मंदबुद्धि होंगे, जहाँ के लोग लड़ाकू नहीं होंगे, वहाँ कम्युनिस्ट होना बहुत देर की बात है.

दुनिया में कहीं भी बिना संघर्ष, बिना लड़े कुछ भी नहीं मिलता. और हमारे यहाँ के लोगों ने जाति-धर्म के भगवान को चुन लिया है. हर जाति का अपना-अपना भगवान है, अपना-अपना ठेकेदार है.

और भ्रष्ट पूंजीवादी व्यवस्था के लिए ऐसे लोग वरदान हैं. क्योंकि बंटी हुई जनता कभी क्रांति नहीं कर सकती.

अगर तुम कम्युनिस्ट के खत्म होने का जश्न मनाते हो, तो वो तुम्हारी बर्बादी का जश्न है

आज क्या हो रहा है तुम्हारे देश में? देखो -

95% लोगों के लिए अच्छी शिक्षा नहीं है, स्वास्थ्य-दवा नहीं है, आवास नहीं है, रोटी-कपड़ा-मकान नहीं है.

फिर भी अगर तुम कहते हो - कम्युनिस्ट खत्म हो गया, उसकी कोई प्रासंगिकता नहीं है - तो तुम्हें अक्ल की कमी है. तुम्हारे दिमाग में धर्मांधता और पूंजीवाद का काला चश्मा लगा हुआ है.

कम्युनिस्ट खत्म नहीं हुआ. कम्युनिस्ट ही एकमात्र रास्ता है जो कहता है - फैक्ट्री मजदूर की होगी, जमीन किसान की होगी, शिक्षा-स्वास्थ्य सबका होगा.

पूंजीवाद कहता है - फैक्ट्री मालिक की होगी, जमीन मालिक की होगी, तुम भूखे मरो.

अब फैसला तुम्हारा है - तुम्हें मृग-तृष्णा चाहिए या मुक्ति चाहिए?

दुनिया में दो विचारधाराओं के बीच संघर्ष हो रहा है - आपको निर्णय करना है, आप किसके साथ हैं?

दुनिया में आज दो विचारधाराओं के बीच संघर्ष हो रहा है. कोई तीसरी विचारधारा नहीं है. बीच में खड़े रहने का कोई रास्ता नहीं है.

पहली विचारधारा है - साम्यवाद, वैज्ञानिक समाजवाद.

जो पूरी दुनिया के 90% शोषित, मेहनतकश जनता के लिए संघर्ष कर रहा है. जो कहता है - शोषण खत्म होगा, सबको रोटी-कपड़ा-मकान, शिक्षा-स्वास्थ्य मिलेगा, सब बराबर होंगे.

दूसरी विचारधारा है - पूंजीवाद.

जिसकी बुनियाद ही 90% मेहनतकश जनता के शोषण पर टिकी हुई है. जो कहता है - 10% मालिक मौज करेंगे, 90% गुलाम बनकर मरेंगे.

अब आपको निर्णय करना है, आप किसके साथ हैं?

निश्चित रूप से आप 90% के वर्ग चरित्र के हैं. 10% तो बड़े-बड़े पैसे वाले पूंजीपति हैं. उसमें आप कहीं नहीं हैं.

आपके पास फैक्ट्री नहीं है, बैंक नहीं है, जमीन नहीं है, बड़ी कंपनी नहीं है. आप सुबह से शाम तक मेहनत करते हैं, पसीना बहाते हैं, फिर भी आपके बच्चे भूखे सोते हैं.

तो फिर आप 10% वालों की जय क्यों बोल रहे हैं? आप अपने ही शोषक की जय क्यों बोल रहे हैं?

जो आदमी 90% में होकर 10% की तरफदारी करता है, वो अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार रहा है. वो अपने ही बच्चों का भविष्य बेच रहा है.

साफ-साफ समझ लो - अगर तुम मेहनतकश हो, तो तुम्हारी जगह साम्यवाद के साथ है. अगर तुम पूंजीपतियों की तरफदारी करते हो, तो तुम अपने वर्ग के गद्दार हो.

कम्युनिस्ट सत्ता परिवर्तन की नहीं, व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रहा है

इतना ज्ञान रख लीजिए - कम्युनिस्ट सत्ता परिवर्तन की लड़ाई नहीं लड़ रहा है, व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रहा है.

सत्ता परिवर्तन तो 5 साल में होता है. आज ये मंत्री, कल वो मंत्री. आज ये पार्टी, कल वो पार्टी. इससे क्या बदलता है? मालिक वही रहता है, लूट वही रहती है, शोषण वही रहता है.

व्यवस्था परिवर्तन का मतलब है - पूरी व्यवस्था को जड़ से उखाड़ फेंकना. जिस व्यवस्था में मनुष्य के द्वारा मनुष्य का शोषण होता है, राष्ट्र के द्वारा राष्ट्र का शोषण होता है, उस व्यवस्था को ही खत्म कर देना.

और व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई बहुत लंबी है. ये 5 साल, 10 साल की लड़ाई नहीं है. ये हजारों-लाखों वर्ष के संघर्ष के बाद होता है.

इतिहास को देखो -

सबसे पहले लाखों वर्ष तक आदिम समाजवाद रहा. तब कोई मालिक नहीं था, कोई गुलाम नहीं था, सब बराबर थे. सब मिलकर शिकार करते थे, मिलकर खाते थे.

उसके बाद दास प्रथा आई. लाखों वर्षों तक चली. मनुष्य ने मनुष्य को गुलाम बना लिया.

उसके बाद सामंतवादी प्रथा आई. लाखों वर्षों तक रही. राजा-जमींदार ने किसान को लूटा.

सामंतवाद के बाद पूंजीवाद आया. इसे अभी 400-500 वर्ष भी नहीं हुआ होगा. ये तो अभी बच्चा है, अभी तो ये जवान भी नहीं हुआ.

और पूंजीवाद के बाद वैज्ञानिक समाजवाद, साम्यवाद आएगा.

अभी तो व्यवस्था परिवर्तन नवजात शिशु की तरह है. अभी तो वो पैदा ही हुआ है. तुम नवजात शिशु को देखकर कहते हो - ये तो कमजोर है, ये तो खत्म हो गया? अरे मूर्खों, शिशु ही तो जवान होता है, शिशु ही तो बूढ़े को खत्म करता है.

पूंजीवाद 500 साल में बूढ़ा हो चुका है, सड़ चुका है. और साम्यवाद अभी पैदा हुआ है.

इसलिए ये लड़ाई अनवरत चलते रहेगी, जब तक शोषण का अंत न हो जाए - मनुष्य के द्वारा मनुष्य का शोषण, और राष्ट्र के द्वारा राष्ट्र का शोषण.

जब तक दुनिया में एक भी भूखा आदमी है, जब तक एक भी बच्चा बिना पढ़ाई के है, जब तक एक भी मजदूर लुट रहा है, तब तक ये लड़ाई खत्म नहीं होगी.

अंतिम बात

मार्क्सवाद कोई किताब नहीं है जो फट जाएगी. मार्क्सवाद विज्ञान है. और विज्ञान को कोई खत्म नहीं कर सकता.

जिस दिन भारत की 90% मेहनतकश जनता जाति-धर्म और पैसा-शराब के नशे से बाहर निकलकर कहेगी - न मैं हिंदू हूँ, न मैं मुसलमान हूँ, हम सब मेहनतकश हैं - उसी दिन भारत में भी क्रांति पल भर में होगी.

  • रमन कुमार