शिक्षा और लोकतंत्र की चुनौतियां

भारत की शिक्षा प्रणाली, खासकर स्कूली शिक्षा पर बातें करते समय हमें बहुत ही कठिन सवालों से गुजरना होगा. मुश्किल यह है कि शिक्षा के कठिन सवालों पर देश में हमने लंबे समय से व्यापक स्तर पर कोई बहस ही नहीं चलायी है. समय-समय पर जब कोई नीति घोषित होती है तो उत्सवधर्मी भाव से कुछ सेमीनार, कन्वेंशन, संगोष्ठियां हो जाती हैं, कुछ प्रस्ताव संसद या विधानसभा में पास हो जाते हैं, लेकिन गंभीर विस्तृत चर्चा नहीं होती, जनांदोलन नहीं होता. सवाल यह है कि क्या शिक्षा ऐसा विषय है जिस पर कोई बात ही न की जाए?
हमने आजादी के बाद शिक्षा का जो ढांचा चुना और नीतिगत रास्ता चुना, उस समय भी निचले स्तर पर कोई बड़ी बहस नहीं हुई. बाद में 1990-91 में भूमंडलीकरण की प्रक्रिया के साथ नत्थी होकर हमारे शासकों ने जो शिक्षा का मार्ग चुना, उस समय भी जनबहस नहीं हुई. इस बात को कहने का मकसद यह है कि हमारा समाज जानता ही नहीं है कि हमारे यहां शिक्षा का क्या हाल है और उसके सामने किस तरह की चुनौतियां हैं.
शिक्षा के विकास का नेहरू मॉडल पूरी तरह देश में असफल रहा. देश के हर कोने में और प्रत्येक समुदाय के पास शिक्षा पहुंचाने में यह मॉडल असफल रहा. इस मॉडल की सबसे बड़ी खामी यही है कि इसने आरंभ से ही सीमित शिक्षा के लक्ष्य को सामने रखा. सीमित शिक्षा, सीमित चेतना और सीमित शिरकत, यही इस मॉडल की विशेषता थी. "सबको शिक्षा" का नारा महज नारा ही बना रहा. सभी बच्चे स्कूल में हों, यह सपना ही रह गया. बच्चों के स्कूल न जाने का अर्थ है उन्हें मानवाधिकार से वंचित रखना. हम इस पहलू पर विचार करें कि शिक्षा के जरिए मानवाधिकारों का हम कहां तक प्रसार करते हैं?
उल्लेखनीय है कि मानवाधिकारों पर जिस गति से हमले बढ़े हैं, उस गति से मानवाधिकारों का प्रसार नहीं हुआ है. स्कूली शिक्षा व्यवस्था के स्वरूप पर गंभीरता से विचार करें तो पाएंगे कि भारत सरकार की प्राथमिकताओं में स्कूली शिक्षा कभी नहीं रही. आज भी नहीं है.
जो लोग आए दिन शिक्षा के निजीकरण की हिमायत करते हैं, वे अच्छी तरह जानते हैं कि स्कूली शिक्षा का समूचा बोझ उठाने या दायित्व पूरा करने में निजी क्षेत्र एकदम असमर्थ है. आज भी स्कूली शिक्षा का मात्र 10 फीसदी नेटवर्क निजी क्षेत्र के दायरे में आता है, 90 फीसदी क्षेत्र सरकारी स्कूलों के दायरे में आता है.
आज यदि सारे देश को स्कूली शिक्षा के दायरे में लाना है तो सालाना 73 हजार करोड़ रुपये की हर साल आगामी छह वर्षों तक जरूरत होगी और केंद्र और राज्य सरकारें यह पैसा खर्च करना नहीं चाहतीं. अकेले बिहार को स्कूली शिक्षा के दायरे में लाने के लिए आगामी नौ सालों तक प्रतिवर्ष 9,500 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं. इस स्थिति से एक अंदाजा सहज ही लगा सकते हैं कि स्कूली शिक्षा की अवस्था बहुत बेहतर नहीं है. हमें स्कूली शिक्षा के विकास के लिए सही नीति, समुचित संसाधन और राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत है.
आज ज्यादातर स्कूलों-कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पैरा टीचर बड़ी संख्या में काम कर रहे हैं. सारे देश के स्कूलों में तीन लाख से ज्यादा पैराटीचर काम कर रहे हैं. वहीं कॉलेजों में तकरीबन 50 फीसदी से ज्यादा पदों पर पार्टटाइम-अतिथि शिक्षक काम कर रहे हैं. यही हाल विश्वविद्यालयों का भी है. यानी देश का बहुत बड़ा हिस्सा ठेके पर काम करने वाले शिक्षकों पर निर्भर है. यही दशा निजी क्षेत्र की है, वहां पर भी कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर शिक्षक पढ़ा रहे हैं.
स्थिति की भयावहता का अंदाजा लगाने के लिए एक ही उदाहरण बताना यथेष्ट होगा. पश्चिम बंगाल में कुछ महीने पहले टीईटी शिक्षकों की भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे. उस समय तकरीबन 22 लाख छात्रों ने आवेदन किया. राज्य सरकार को इस आंकड़े को देखकर परीक्षा रद्द करनी पड़ी, क्योंकि इतनी बड़ी तादाद में परीक्षा-इंटरव्यू संपन्न करने में तकरीबन दो साल लगते.
शिक्षा, साक्षरता और उपभोक्ता
सन् 1990-91 के बाद से देश में स्कूली शिक्षा का अर्थ ही बदल गया है. अब शिक्षा का अर्थ बच्चे के ज्ञान और क्षमता का विकास करना नहीं है. इसके विपरीत शिक्षा का अर्थ है प्रयोजनमूलक शिक्षा या साक्षरता. यानी बाजार की जरूरत के अनुसार पढ़ो, सीखो और बाजार में उतरो. अब साक्षर बनाने पर जोर है, क्षमता बढ़ाने पर जोर नहीं है.
जबकि एक जमाने में शिक्षा का अर्थ था बच्चे की ग्रहण क्षमता और ज्ञानक्षमता का विकास करना. लेकिन इन दिनों ये दोनों काम शिक्षाप्रणाली ने छोड़ दिए हैं और अब ज्यादा से ज्यादा साक्षर बनाने पर जोर दिया जा रहा है. इससे स्थिति बेहद खराब हुई है. अब प्रशिक्षित शिक्षकों को पैराटीचरों ने अपदस्थ कर दिया है.
मसलन, बिहार सरकार ने 1991 में घोषित किया कि स्कूल टीचर के लिए प्रशिक्षण आवश्यक नहीं होगा. असल में 1980 के दशक में शिक्षा को साक्षर बनाने की जो प्रक्रिया शुरू हुई, वह अपना सारे देश में चक्र पूरा कर चुकी है. आज सारे देश में तकरीबन तीन लाख से ज्यादा पैरा टीचर हैं. अब शिक्षा पर नहीं, साक्षरता पर जोर है.
समूची शिक्षा व्यवस्था का वस्तुकरण हो चुका है. अब बच्चों को साक्षर बनाने पर जोर है, शिक्षा देकर उनकी बौद्धिक क्षमता बढ़ाने पर जोर नहीं है. जबकि शिक्षा का मकसद है छात्रों में बौद्धिक क्षमता, ग्रहण क्षमता, सामाजिक चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना पैदा करना. आज ये सारे लक्ष्य किनारे कर दिए गए हैं और नौकरी पाना ही प्रधान लक्ष्य है.
यही वजह है कि अधिकांश छात्र समझ ही नहीं पाते कि समाज में सही या गलत क्या हो रहा है? वे तो मीडिया से संचालित होकर अपनी राय बनाते हैं. वे मीडिया को ही अपना सर्वेसर्वा मानते हैं. मीडिया और खासकर विज्ञापन और जनसंपर्क तो उनके लिए खुदा है, उसके हर वाक्य को वे आप्त वाक्य मानते हैं. यही वजह है कि वे साक्षरता के आगे अपनी चेतना का विकास नहीं कर पाए हैं. उनके पास डिग्री है, लेकिन चेतना का स्तर साक्षरों के बराबर है.
नई समझ यह बनायी जा रही है कि छात्र को उपभोक्ता मानो. शिक्षा को सेवाक्षेत्र मानो. इस समझ ने छात्र की पहचान को उपभोक्ता की पहचान के जरिए अपदस्थ कर दिया है. शिक्षा का बड़े पैमाने पर व्यवसायीकरण हो रहा है, शिक्षा को बाजार की जरूरतों के साथ जोड़ दिया है. इसके कारण शिक्षा का क्षय तो हुआ ही है, शिक्षकों का भी क्षय हुआ है.
एक जमाना था, शिक्षक "पब्लिक इंटेलेक्चुअल" हुआ करते थे, लेकिन आज कोई भी शिक्षक इस कोटि में नहीं है. अब शिक्षक भी एक "माल" हैं, स्कूल एक बाजार है और छात्र उसके उपभोक्ता हैं. प्राइवेट स्कूलों से लेकर निजी विश्वविद्यालयों तक छात्रों को उपभोक्ता की तरह सेवाएं प्रदान की जा रही हैं और उनसे हर सेवा के पैसे लिए जाते हैं.
इस समूची प्रक्रिया ने छात्र-शिक्षक के संबंध को खत्म कर दिया है. आज शिक्षकों पर दबाव है कि वे बाजार की जरूरतों और मांगों की पूर्ति के लिए पढ़ाएं, इस तरह का पाठ्यक्रम पढ़ाओ जिससे छात्रों को नौकरी मिले, वे काम करें. "काम करने" को इतना महत्व दिया गया है कि सोचने-विचारने के लक्ष्य को बहुत कहीं पीछे छोड़ दिया गया है. इस क्रम में हमने कभी सोचा ही नहीं कि इससे देश ताकतवर बनेगा या कमजोर बनेगा!
सवाल यह है कि हम लोकतंत्र के लिए "नागरिक" चाहते हैं या "उपभोक्ता"? यदि "उपभोक्ता" के जरिए लोकतंत्र का निर्माण करना चाहते हैं तो लोकतंत्र की प्रकृति अलग होगी. यदि नागरिक के जरिए लोकतंत्र बनाना चाहते हैं तो लोकतंत्र की प्रकृति अलग होगी.
"उपभोक्ता" और "नागरिक" में गहरा अंतर्विरोध है. "उपभोक्ता" के "अन्य" के प्रति कोई सामाजिक सरोकार नहीं होते, वह सिर्फ अपने बारे में सोचता है, निहित स्वार्थों को सामाजिकता कहता है. इसके विपरीत "नागरिक" के निजी नहीं, सामाजिक स्वार्थ होते हैं, सामाजिक लक्ष्य होते हैं, उसे अपने से ज्यादा "अन्य" की चिंता होती है.
लोकतंत्र के विकास के लिए हमें "उपभोक्ता" नहीं, "नागरिक" चाहिए. लोकतंत्र कभी भी उपभोक्ता के जरिए समृद्ध नहीं होता, नागरिक और नागरिक चेतना के जरिए समृद्ध होता है.
शिक्षा के सेवाक्षेत्र में जाने और छात्र के उपभोक्ता बन जाने का प्रकारांतर से असर यह हुआ कि छात्र-शिक्षक का संबंध खत्म हो गया.
दूसरा, "छात्र (उपभोक्ता) हमेशा सही होता है", इस धारणा को बल मिला. यही वह धारणा है जिसके आधार पर कहा जा रहा है कि शिक्षकों की भूमिका का छात्र मूल्यांकन करेंगे. यह असल में बाजार की मांग-पूर्ति के गर्भ से उपजा प्रपंच है.
तीसरा, दबाव यह है कि शिक्षक वही पढ़ाएं जो छात्र को बाजार में खड़े होने में मदद करे, प्रतिस्पर्धा में खड़े होने में मदद करे.
चौथा, यह भ्रम निकाल दें कि निजी स्कूल, निजी क्षेत्र में खुल रहे विश्वविद्यालय आदि शिक्षा के मंदिर हैं. ये तो "नौकरी" देने वाले संस्थान हैं, शिक्षा देना इनका मकसद नहीं है. निजी क्षेत्र में चल रहे विश्वविद्यालय और स्कूल आदि तो शिक्षा की गुणवत्ता के आधार पर नहीं चल रहे, ये तो मीडिया निर्मित इमेज और जनसंपर्क अभियान के जरिए चल रहे हैं. ये कॉरपोरेट फंडिंग, अनुदान, व्यावसायिक हिस्सेदारी, मुनाफे और नियंत्रण पर आधारित हैं. इन संस्थानों में किसी भी स्तर पर लोकतांत्रिक संरचनाएं और लोकतांत्रिक माहौल नहीं हैं.
देश में स्कूली शिक्षा की स्थिति बेहद खराब है. कक्षा एक से पांच के बीच पढ़ाई के दौरान बीच में ही पढ़ाई छोड़ देने वाले विद्यार्थियों की संख्या तकरीबन 61 प्रतिशत है. यही संख्या बिहार में 75 प्रतिशत है. इनमें अनुसूचित जाति-जनजाति के छात्रों की संख्या काफी ज्यादा है. इनमें अनुसूचित जाति के 70 फीसदी और जनजाति के 78 प्रतिशत छात्र बीच में ही पढ़ाई छोड़ जाते हैं.
आज भी 30 प्रतिशत बच्चे स्कूल नहीं पहुंच पाए हैं. बिहार में 50 फीसदी बच्चे स्कूल के बाहर हैं. बच्चों को स्कूल से बाहर रखने का अर्थ है उनको मानवाधिकार से वंचित करना. इसी प्रसंग में हम निजी और सरकारी क्षेत्र की भूमिका पर भी सोचें.
आज हकीकत यह है कि 90 फीसदी स्कूल सरकारी क्षेत्र में हैं और मात्र 10 फीसदी स्कूल निजी क्षेत्र में हैं. निजी क्षेत्र में सब बच्चों को पढ़ाने की क्षमता ही नहीं है. मोटे तौर पर स्कूली शिक्षा का स्तर बेहद खराब है.
लोकतांत्रिक शिक्षा व्यवस्था
सवाल उठता है कि छात्रों को इतिहास, अंग्रेजी और विज्ञान पढ़ाएंगे तो क्या देश का विकास होगा या देश में लोकतंत्र को मजबूत करने में मदद मिलेगी? क्या विज्ञानसम्मत पाठ्यक्रम पढ़ाने मात्र से बेहतर व्यक्ति पैदा होता है? उत्तर होगा, नहीं.
वास्तविकता यह है कि हमारे पाठ्यक्रम, छात्र, शिक्षक और शिक्षा व्यवस्था का "सामाजिक न्याय" की अवधारणा के साथ गहरा अंतर्विरोध है. हमारे शिक्षक-छात्रों में से अधिकांश कभी सामाजिक न्याय के नजरिए से न तो समाज के बारे में सोचते हैं और न शिक्षा व्यवस्था के बारे में सोचते हैं.
हमने तो "मैं" या व्यक्तिवाद के आधार पर शिक्षा का समूचा ढांचा तैयार किया है. हम जो पाठ्यक्रम पढ़ाते हैं, वह सामाजिक यथार्थ से जोड़ता नहीं है. मसलन, हमारे छात्र कहीं पर भी यह नहीं जान पाते कि आखिर गेहूं की बाली कैसी होती है, चमेली का पौधा कैसा होता है. प्रयोजनमूलक किताब और अंततः किताब ही उनके ज्ञान का सर्वस्व है.
इसके कारण एक कमाऊ व्यक्ति तो शिक्षा बना देती है, सिस्टम के लिए आदमी बना देती है, लेकिन समाज के लिए "नागरिक" नहीं बना पाती. शिक्षानीति का आधार जब तक "सामाजिक न्याय" और "नागरिक चेतना" को नहीं बनाते, हम शिक्षा को बाजार के दबाव से मुक्त नहीं कर सकते.
समाज में सर्वसत्तावादी राजनीति को हमेशा उपभोक्ता-छात्र से मदद मिलती रही है. यही वह छात्र है जो "अ-राजनीति" की राजनीति करता रहा है और खुलेआम सर्वसत्तावादी राजनीति के साथ खड़ा नजर आता है.
जबकि वैकल्पिक राजनीति करने वालों के लिए जरूरी है कि वे छात्र को नागरिक बनाएं, मानवाधिकारों की चेतना दें, उसे छात्र जीवन में, शिक्षा में राजनीति करने, शिक्षा के लोकतांत्रिकीकरण की प्रक्रिया का अंग बनाने और लोकतांत्रिक राजनीति करने के लिए तैयार करें.
आज बड़े पैमाने पर जिस संविधानविरोधी और धर्मनिरपेक्षताविरोधी चेतना को युवाओं के एक बड़े समूह में सरेआम देख रहे हैं, यह असल में वही समुदाय है जिसे उपभोक्ता-छात्र राजनीति ने तैयार किया है.
मुश्किल यह है कि सर्वसत्तावाद की राजनीति करने वाले दोनों प्रधान दल कांग्रेस और भाजपा, दोनों को "अ-राजनीति" की राजनीति सही लगती है. वे उसकी दैनंदिन अकादमिक जीवन में वकालत करते हैं और इन्हीं दोनों दलों के बीच उपभोक्ता छात्रों का बड़ा समूह आज आपको खड़ा दिखाई देगा.
देश की शिक्षा नीति राजनीतिक दल और संसद तय कर रहे हैं, फंड भी राजनीतिक नजरिए से तय हो रहा है, संसाधनों का आवंटन भी राजनीति के आधार पर हो रहा है तो फिर स्कूल-कॉलेज और विश्वविद्यालय के स्तर पर छात्रों को राजनीति करने से मना क्यों किया जा रहा है?
कायदे से शिक्षा संस्थानों में संविधानसम्मत राजनीति की गंभीरता के साथ शिक्षा देनी चाहिए. संविधानसम्मत लक्ष्यों के अनुरूप शिक्षकों के दिलो-दिमाग को रूपांतरित करने, लोकतांत्रिक नजरिया, लोकतांत्रिक संस्कार और आदतें विकसित करने के प्रयास किए जाने चाहिए. आज देश को संविधानसम्मत विवेक से लैस लोकतांत्रिक शिक्षक चाहिए.
सवाल यह है कि हम शिक्षा के जरिए किस तरह का व्यक्ति निर्मित करना चाहते हैं? हम "नागरिक" बनाना चाहते हैं या धार्मिक प्राणी या फिर उपभोक्ता बनाना चाहते हैं?
लोकतंत्र के विकास की बुनियाद है "नागरिक" और लोकतंत्र की विचारधारा है मानवाधिकार या संविधानप्रदत्त अधिकार. "नागरिक" बनाए बगैर संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा करना संभव नहीं है.
आज स्थिति यह है कि शिक्षितों में बहुत बड़ा अंश है जो "नागरिकबोध" से वंचित है. देश में रहते हैं, देश का उपभोग कर रहे हैं, लेकिन नागरिक चेतना से शून्य हैं. इसने इफरात में मध्यवर्ग के अंदर सर्वसत्तावादी राजनीति का आधार बनाया है. इस तरह के लोग जाने-अनजाने संविधान, लोकतंत्र और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ आए दिन आचरण करते नजर आते हैं.
- जगदीश्वर प्रसाद चतुर्वेदी
हमें सहयोग करें
स्वतंत्र लेखन और जनपक्षीय पत्रकारिता को जारी रखने में अपना योगदान दें। इस QR code को scan करके सहयोग करें।


0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया दें
आपकी टिप्पणी approval के बाद प्रकाशित होगी।