नारसिस्ट (कुमाता) मां के दस लक्षण

हमारे यहां कहते हैं कि माता कुमाता नहीं हो सकती, लेकिन सच यह नहीं भी हो सकता है. कुमाता भी हो सकती है. कभी नारसिस्ट माँ के बारे में बहस करके देखें कि वह किस तरह की बेटी बनाती है.
खुलकर इस तरह की समस्याओं पर विचार करने वाली हिंदी में वेबसाइट भी नहीं हैं. आज मेरी नजर से ऐसी ही एक साइट गुजरी. इस मसले पर विचार करने का मकसद किसी माँ या बेटी को आहत करना नहीं है. यह एक ऐसी वास्तविकता है, जिससे हम सबको किसी न किसी समय दो-चार होना पड़ता है.
नारसिस्ट माता का फिनोमिना वस्तुतः व्यक्तित्व के डिसऑर्डर का एक रूप है. यह ऐसा व्यक्ति है, जो असामान्य आचरण करता है और असामान्य नजरिए से देखता है. यह पागल नहीं है, चतुर है और जानता है कि क्या कर रहा है. यह भूल से गलती नहीं करता, बल्कि यह भी जानता है कि समाज के अधिकांश लोग उसकी बात का समर्थन नहीं करेंगे. इसके बावजूद वह वैसा ही नियमित आचरण करता है.
वह यह भी जानता है कि समाज के लोग उसकी इन हरकतों के बावजूद उसका ख्याल रखेंगे. नारसिस्ट डिसऑर्डर फिनोमिना को 1980 में खोजा गया. ज्यादातर लोग इस फिनोमिना के बारे में अनभिज्ञ हैं.
नारसिस्ट माँ अपनी बेटी को पीड़ित कर सकती है, अपने पति को भी पीड़ित कर सकती है. इस तरह नारसिस्ट माँ दुस्वप्न की तरह होती है और परेशानियां पैदा करती है.
आप समझ ही नहीं पाते कि नारसिस्ट माँ कैसी होती है, नारसिस्ट पत्नी कैसी होती है. यदि समाज में किसी को कहो तो आम लोग मानने को तैयार नहीं होते. हमारे समाज में ठीक से माँ को ही नहीं जानते, नारसिस्ट माँ को जानना तो बहुत दूर की बात है.
हमने कभी आपस में, समाज में नारसिस्ट माँ को लेकर बहस नहीं चलाई है. हमने कभी उसके द्वारा किए जा रहे सीमाओं के अतिक्रमण को समझने की कोशिश नहीं की. नारसिस्ट माँ के लक्षणों को सही ढंग से जानेंगे, तभी उसका सही उपचार कर सकते हैं.
पहला लक्षण
उसके पास हमेशा कोई न कोई बहाना होता है. उसके यहां क्रूरता भी प्रेम के जरिए व्यक्त होती है. वह हमेशा आक्रामक और अधिकार जमाने के भाव में रहती है.
वह हमेशा ऐसी बातों की शिक्षा देती है, जिनके अंदर कोई विचार नहीं होता. यानी विचारहीन शिक्षण उसकी विशेषता है. स्वार्थी मैनिपुलेशन को वह गुण समझती है.
वह हमेशा आलोचना या निंदा पर जल्द ही सक्रिय हो जाती है. वह बड़े ही कौशल के साथ कार्य-कारण संबंध में अलगाव करके चलती है.
वह हमेशा अपने बच्चे के सामने दूसरे के बच्चों की प्रशंसा करती रहती है और उनके गुणों को बताती रहती है. वह ऐसी बात पर आपको बधाई देगी, जिससे आपको गुस्सा आ जाए. इसके बहाने वह अपने गुस्से का इजहार करती है.
उसकी आवाज या शैली में उसका मुकाबला करना या उसे उत्तर देना संभव नहीं है. उसके सामने तुम हमेशा गलत रहोगे. उसका सामना करने से कन्नी काटोगे.
घर में उसका जिस तरह का व्यवहार होता है, उससे एकदम भिन्न उसका सार्वजनिक व्यवहार होता है.
दूसरा लक्षण
यहां बेटी-बेटा के नजरिए से नारसिस्ट माँ के लक्षणों की पड़ताल करें तो पाएंगे कि वह हमेशा अपनी सीमाओं का अतिक्रमण करके हस्तक्षेप करती है.
वह अपने बच्चों की चीज उनके ही सामने छीनकर दूसरों को दे देती है, जिससे वे दुखी हों. मसलन, बच्चे की थाली में से बिना सहमति के रोटी उठाकर दूसरे बच्चे को दे देना.
वह बच्चों की भावनाओं में हस्तक्षेप करने की कोशिश करती है. वह बच्चों की स्वतंत्रता और स्वायत्तता में निरंतर हस्तक्षेप करती है.
तीसरा लक्षण
नारसिस्ट माँ अपने ही बच्चों में भेदभाव करती है. वह अपने एक बच्चे को बेहतरीन मानती है और अन्य की उपेक्षा करती है. उसे सोना-सोना कहती है. उसके साथ अपने को जोड़कर पेश करती है.
उसकी गलतियां उसे कभी नजर नहीं आतीं. वह अपने ही बच्चों में भेद करके रखती है.
इसके कारण वह सोना बच्चे को लेकर सफेद झूठ बोलती है, उसकी गलतियों की अनदेखी करती है और पक्षपात करती है.
सोना बच्चा हमेशा माँ की वकालत करता है. माँ की गलतियों को छिपाता है.
चौथा लक्षण
वह जिस भाषा और तर्कशास्त्र के साथ बोलती है, उसका खंडन करना संभव नहीं होता.
वह उपेक्षा-अवहेलना के भावबोध में हमेशा रहती है. वह अन्य की बात नहीं मानती. अन्य के अनुभव और बातों की उपेक्षा करती है.
उसने क्या-क्या किया है, उसका हिसाब बार-बार देती है. वह बार-बार नीचा दिखाने की कोशिश करती है, निंदा करती है या हेय रूप में पेश करती है.
हमेशा यह आभास देती है कि वह तो अपने बच्चों के लिए बहुत कुछ करती है. वह हमेशा ऐसी भाषा में बोलती है, जिसका आप खंडन नहीं कर सकते.
पांचवां लक्षण
यदि उसे बताओगे कि तुम ये असामान्य हरकतें कर रही हो, तो वह तुमको ही पागल घोषित कर देगी.
उसके द्वारा किए गए उत्पीड़न के रूपों को हम कभी चर्चा में, खबरों में नहीं पाते. यहां तक कि आपसी बातचीत में भी उस समस्या को सही नजरिए से देख नहीं पाते.
वह हमेशा आक्रामक या हावी होने वाले भाव में रहती है. वह विभिन्न तरीकों और रूपों में दुर्व्यवहार करती है.
वह चीजों को भूलती नहीं है. वह पुरानी बातों का जमकर दुरुपयोग करती है. उन बातों के बहाने बुरा व्यवहार करती है.
छठा लक्षण
हमेशा कुढ़न के भाव में रहना. आत्मविध्वंस के भाव में रहना.
सातवां लक्षण
वह हमेशा विभिन्न तरीकों से झूठ बोलती है.
वह झूठ बोलकर संबंधों में खटास पैदा करती है, तनाव पैदा करती है और संबंधों को नष्ट करती है.
वह असल में झूठ बोलने की कला में माहिर होती है.
आठवां लक्षण
मैंने अपने जीवन में अनेक ऐसी स्त्रियों को करीब से देखा है, जिनमें नारसिस्टिक लक्षण होते हैं.
मेरा मानना है कि वे अपने बच्चों के बहाने अपनी ओर ध्यान खींचने का काम करती हैं. वे बुनियादी तौर पर अस्वस्थ होती हैं.
हमेशा अपनी ओर ध्यान खींचने की कोशिश करती हैं.
नौवां लक्षण
नारसिस्ट माँ या औरत बेहद दुखदायी होती है. यह नए किस्म की मनोवैज्ञानिक समस्या है. इसे संवेदनात्मक उत्पीड़क कह सकते हैं.
उसे संवेदनात्मक ऊर्जा परपीड़क आनंद से मिलती है. वह उन्हीं चीजों में चोंच मारती है, जिन्हें आप पसंद करते हैं या जो आपको सबसे प्रिय हैं. जबकि सतह पर वह मुस्कराती रहती है.
वह आपकी भावनाओं को मैनिपुलेट करती है. वह अपने परपीड़क आनंद की वजह से कभी आपको डरावनी कहानियों या डरावनी फिल्मों की ओर ले जाती है.
आप उससे जब भी अपनी कोई परेशानी साझा करते हैं, वह तुरंत हंसने लगती है. चीजों को हंसकर उड़ा देती है.
वह अपनी क्रूरता को सहज ही हजम कर जाती है. आपकी तकलीफें सुनकर आनंदित महसूस करती है. बार-बार उन्हीं मसलों को सामने लाती है, जो आपके लिए पीड़ादायक हैं. उनको बार-बार सुनाती है.
इस तरह वह आपकी तकलीफों के जरिए आनंद महसूस करती है. इसे चुड़ैल आनंद कहना समीचीन होगा.
चुड़ैल आनंद का सबसे प्रमुख लक्षण यह है कि वह रह-रहकर अपनी ओर ही ध्यान खींचता है. वह ऐसी हरकतें करती है, जिससे सब समय उसकी ओर ही ध्यान दें.
वह अपने को कष्टों से पीड़ित के रूप में पेश करती है. वह चाहती है कि सब लोग उसके कष्ट सुनें.
वह अपने सपनों को ही लोगों की त्रासदी के सामने रखती है. इस तरह वह अपने को आत्मपीड़ित बहादुर के रूप में पेश करती है.
दसवां लक्षण
नारसिस्ट माँ निहित स्वार्थी होती है. अपने लिए सब कुछ बढ़िया चाहती है और उसे पाने के लिए निर्मम भाव से पेश आती है.
हर चीज को निर्मम भाव से अपनी दिशा में मोड़ने में विश्वास करती है. इस चक्कर में वह जिन हथकंडों का उपयोग करती है, वे उसके नॉर्मल व्यवहार के विपरीत होते हैं.
जिन चीजों को उसे देने से मना किया जाता है, वह उन्हीं चीजों को हर हालत में पाने की कोशिश करती है.
वह चाहती है कि बेहतरीन चीजें उसके पास रहें और पुरानी चीजें दूसरों के पास. इस चक्कर में वह आराम से अपनी पुरानी चीजें उपहार में दूसरों को दे देती है और अपने लिए नई चीजें खरीद लेती है.
वह हर चीज में मैनिपुलेट करने की कला में माहिर होती है. स्वभाव से वह सिर्फ अपने ही व्यक्तित्व को खाती है.
वह चाहती है कि उसकी समस्याओं पर तुरंत ध्यान दिया जाए. वह अपने व्यवहार से आतंकित किए रहती है, क्योंकि इस तरह की स्त्री का महत्वपूर्ण औजार है डराए रखना, आतंकित रखना और भयभीत रखना.
वह निर्ममता से अपने बच्चों को ट्रेनिंग भी देती है.
नारसिस्ट माँ हमेशा प्रच्छन्नतः शारीरिक मैनिपुलेशन करती है, लेकिन सतह पर इसे अस्वीकार करती है. आंतरिक भय बनाए रखकर निर्ममता की शिक्षा देती है.
आपको पीटती नहीं है, लेकिन उसकी निर्ममता से आप हमेशा शरीर में दर्द महसूस करते हैं. वह सतह पर रेशनल तरीके से आपका शोषण करती है. वह रेशनलिटी का अपने दुर्व्यवहार के लिए दुरुपयोग करती है.
वह चाहती है कि उसकी समस्याओं पर तुरंत ध्यान
नारसिस्ट माँ हमेशा बच्चों की तरह आचरण करती है, जिससे आपको यह लगे कि आप उसको प्यार नहीं करते.
आप यदि उसकी बातें नहीं मानते, तो वह बच्चों की तरह रोना-पीटना और रूठना शुरू कर देती है. इस क्रम में उसकी कोशिश होती है कि उसे वह दें, जो वह चाहती है.
यदि उसे प्यार करते हैं, तो वह जो चाहती है, उसे वह चीजें सौंप दो.
वह आक्रामक और बेशर्म होती है. वह किसी चीज की मांग नहीं करती, बल्कि छीन लेती है.
- जगदीश्वर चतुर्वेदी
हमें सहयोग करें
स्वतंत्र लेखन और जनपक्षीय पत्रकारिता को जारी रखने में अपना योगदान दें। इस QR code को scan करके सहयोग करें।


0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया दें
आपकी टिप्पणी approval के बाद प्रकाशित होगी।